बहरागोड़ा संवाददाता
बहरागोड़ा:-बहरागोड़ा थाना क्षेत्र से गुजरने वाले अंतरराज्यीय यात्री वाहनों पर पुलिस प्रशासन द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से चलाया गया।
इस अभियान का नेतृत्व बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने किया। उनके साथ थाना पुलिस बल के जवानों ने कालियाडिंगा मुख्य चौक पर तैनात रहकर अंतरराज्यीय बसों एवं छोटे यात्री वाहनों की औचक जांच की। इस दौरान पुलिस ने वाहनों की डिक्की से लेकर सीटों और सामान रखने की प्रत्येक जगह की बारीकी से तलाशी ली। जांच के उपरांत ही वाहनों को गंतव्य की ओर जाने की अनुमति दी गई।
जांच के दौरान वाहन चालकों, हेल्परों और कॉन्ट्रैक्टरों को दिशा-निर्देश भी दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नजर आए, तो उसकी जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें। साथ ही पुलिस ने यह भी बताया कि संदिग्धों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इस प्रकार का अभियान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं अवांछनीय तत्वों पर नियंत्रण के लिए अत्यंत आवश्यक बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया है।