Advertisement

Advertisement

Advertisement

Saubhagya Bharat News

हम सौभाग्य भारत देश और दुनिया की महत्वपूर्ण एवं पुष्ट खबरें उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Saubhagya Bharat News

हम सौभाग्य भारत देश और दुनिया की महत्वपूर्ण एवं पुष्ट खबरें उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Saubhagya Bharat News

हम सौभाग्य भारत देश और दुनिया की महत्वपूर्ण एवं पुष्ट खबरें उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Saubhagya Bharat News

हम सौभाग्य भारत देश और दुनिया की महत्वपूर्ण एवं पुष्ट खबरें उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

The Saubhagya Bharat

हम सौभाग्य भारत देश और दुनिया की महत्वपूर्ण एवं पुष्ट खबरें उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

गुरुवार, 4 दिसंबर 2025

नागपुर: फर्जी IAS बन ठगती रही नेताओं-कुलपति तक को

एक महिला, कल्पना भागवत, चेहरे पर सादगी, शब्दों में रौब, और पहचान में ‘IAS अधिकारी’ का झूठा ताज। छह महीनों तक वह फर्जी आधार और बनावटी दस्तावेजों के सहारे फाइव-स्टार होटल में ऐसे रही, जैसे कोई सरकारी मिशन पर तैनात उच्चाधिकारी हो। होटल प्रबंधन को उसकी गतिविधियां अजीब लगीं। कहीं कुछ मेल नहीं खा रहा था। बस यहीं से शुरू हुआ वह धागा, जिसे खींचते-खींचते पुलिस ATS और IB तक पहुंची। शक गहराया क्योंकि उसके दस्तावेजों का कोई सिरा किसी असली सरकारी पहचान से मेल ही नहीं खाता था। पुलिस को आशंका है, उसके संपर्क दिल्ली धमाके से जुड़े लोगों से भी हो सकते हैं। यही कारण है कि खुफिया एजेंसियां हर छोटी-बड़ी कड़ी पर नजर गड़ाये बैठी हैं। कल्पना ने नागपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. शहाबुद्दीन पठान से खुद को IAS बताकर मुलाकात की। प्रभावशाली परिचयों का जाल बुनकर वह उनका विश्वास जीत गई और फिर पैसे ऐंठ लिये। डॉ. पठान ने यह बात पुलिस के सामने स्वीकार भी की है। इसी तरह सांसद के पास कल्पना अधिकारी बनकर गई। मंदिर निर्माण के नाम पर 1 लाख रुपये ले गये। सांसद ने भी अपनी भूल कबूल की, “मैंने उसे अधिकारी समझकर मदद कर दी।” पुलिस को सबसे बड़ा झटका तब लगा जब कल्पना का संपर्क केंद्रीय मंत्री के कथित OSD डिम्पी देवेंद्र हरजई और उसके अफगान साथी अशरफ से मिलता पाया गया। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।



भारत: कोहली-ऋतुराज की चमक में चमका भारत

क्रिकेट के मैदान पर आज कोहली और ऋतुराज के बल्लों से रन बरसने लगे। ऋतुराज ने 52 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और फिर 77 गेंदों में शतक ठोक दी। वनडे करियर का पहला और दिल को छू लेने वाला शतक। कोहली ने भी अपने अंदाज में जवाब दिया, 47 गेंदों का अर्धशतक, फिर बल्ले को हवा में लहराते हुये 90 गेंद में शतक पूरे किये। उनके नाम वनडे का 53वां शतक और इंटरनेशनल करियर का 84वां एवं लगातार दूसरा शतक बनाये। यह विराट की जीवटता और भरोसे की महागाथा थी। दोनों के बीच 195 रन की साझेदारी रही। 36वें ओवर में ऋतुराज (105) आउट हो गये। जॉर्जी ने यानसेन की गेंद पर कैच लपका। 40वें ओवर में कोहली (102) भी चलते बने। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर भी सिर्फ 1 रन बनाकर रन आउट हुये। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का स्कोर 289/5 पर आ गया। उसके बाद केएल राहुल और रविंद्र जडेजा ने मोर्चा संभाला। 50 ओवर के बाद भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 359 रनों का टारगेट दिया। खबर लिखे जाने तक साउथ अफ्रीका 69 पर 1 विकेट गंवा चुकी थी।



संचार साथी ऐप पर केंद्र का बड़ा फैसला, बदली चाल

मोबाइल स्क्रीन की दुनिया में सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहने वाले ‘संचार साथी’ ऐप पर सरकार ने अनिवार्यता खत्म कर दी है। दूरसंचार मंत्रालय ने एक्स (X) पर अपनी चुप्पी तोड़ी और जनता को भरोसा दिलाया, यह ऐप सुरक्षित भी है, जरूरी भी, लेकिन अब जबरन फोन में नहीं आयेगा। मंत्रालय ने साफ कहा, सभी नागरिकों को साइबर ठगी से बचाना उद्देश्य था, ऐप को लेकर फैली गलतफहमियों के बाद और बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुये, смартф कंपनियों के लिये प्री-इंस्टॉलेशन अब अनिवार्य नहीं रहेगा। सरकार ने यह भी साफ कर दिया कि जिन्होंने इंस्टॉल किया है तो हटाना भी आपकी मर्जी। 28 नवंबर को जब आदेश आया था कि 90 दिनों में प्री-इंस्टॉलेशन जरूरी होगा, उसी वक्त Apple ने कड़ा ऐतराज जताया। कंपनी ने कहा, “यह कदम iPhone यूजर्स की निजता को खतरे में डाल सकता है।” Apple ने सरकार को अपनी चिंता भेजने की बात कही थी और इसके बाद ही राजनीतिक पारा चढ़ गया। विपक्ष ने इसे तानाशाही, जासूसी और निजता पर हमला बताया। प्रियंका गांधी से लेकर अरविंद केजरीवाल तक, हर तरफ एक ही सुर “सरकार फ्रॉड रोकने के नाम पर नजर रखना चाहती है।” लेकिन लोकसभा में दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह ऐप जासूसी नहीं, जागरूकता और सुरक्षा के लिए है, नागरिकों पर नजर रखने की कोई मंशा नहीं है। सरकार का दावा है कि 1.4 करोड़ लोगों ने अब तक ऐप डाउनलोड किया है। रोजाना 2000 से अधिक ऑनलाइन फ्रॉड रिपोर्ट की जा रही है। सिर्फ 24 घंटे में ही 6 लाख नये रजिस्ट्रेशन, जो कि सामान्य से 10 गुना ज्यादा, यह दर्शाता है कि जनता ऐप पर भरोसा कर रही है।



सरायकेला: आयुर्वेद और होम्योपैथी भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति इससे असाध्य रोगों का इलाज संभव - मनोज चौधरी

सरायकेला : सरायकेला आयुष विभाग द्वारा आयोजित निशुल्क वयोवृद्ध स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने किया। शिविर का आयोजन बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला (हंसाहुडी दुर्गा मंदिर) में किया गया था।

शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर, शुगर, BMI परीक्षण, आयुर्वेदिक & होम्योपैथिक परामर्श, निःशुल्क दवाई, योग, प्राणायाम & आहार सलाह जैसी सेवाएं प्रदान की गईं।





उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि वृद्ध लोगों के लिए शिविर का आयोजन आयुष विभाग का सराहनीय कदम उन्होंने कहा कि आयुर्वेद और होम्योपैथी भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति है जो असाध्य रोगों का इलाज करने में सहायक है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।

मोहल्ले के बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में शिविर में भाग लिया और चिकित्सा परामर्श और दवाएं प्राप्त कीं। मौके पर उत्तम कुमार गौरंगो माहतो चितो कवि बहादुर कुमार लीलू महांती डॉ पूनम डॉ मोनालिसा पौडित 

डॉ. एम.डी. सैफी ज़ोहे डॉ. ए.एस. विभूति सुषमा कुमारी, योग प्रशिक्षक सुषमा महतो, योग प्रशिक्षक दिनेश कुमार अग्रवाल, योग प्रशिक्षक एवं काफी संख्या में क्षेत्र के वृद्धजन उपस्थित थे

यूट्यूब पर रिलीज हुआ संगीत निर्देशक द्रोण रामनारायण का बहुचर्चित एल्बम ‘जान दा वास्ता’

यू ट्यूब पर रिलीज़ हुआ संगीत निर्देशक द्रोण और जावेद अली का बहुचर्चित एल्बम ' जान दा वास्ता"* मुंबई। हाल ही में बॉलीवुड के जाने माने संगीत निर्देशक द्रोण रामनारायण का म्यूजिक एल्बम " जान दा वास्ता " यू ट्यूब के लोकप्रिय चैनल स्वर पंचम स्टूडियो पर रिलीज़ हो गया। इस एल्बम के गाने की रिकॉर्डिंग मुंबई के एम्पायर स्टूडियो में हुई है। इस अवसर पर निर्देशक द्रोण के अलावा निर्माता श्रेयस काले, गीतकार सुनील काले और गायक अनिल शर्मा तथा बॉलीवुड फिल्म " चिल्लर गैंग" के लेखक निर्देशक तरुण मुहम्मद उपस्थित थे। इस एल्बम के वीडियो डायरेक्टर हैं तन्मय कपूर। कलाकार हैं मोसिन टेलर और आकृति। एल्बम के गीत को कलमबद्ध किया है बॉलीवुड के गीतकार सीटू जयपुरी ने और स्वर दिया है बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक पुष्पा फेम जावेद अली ने। इस गाने की सबसे खास बात ये है कि रिलीज होते ही इंस्टाग्राम में ट्रेडिंग होने लगी है।



इंग्लैंड के ये दिग्गज बल्लेबाज नहीं रहे

इंग्लैंड की क्रिकेट धरती का चमकता सितारा रॉबिन स्मिथ आज खामोश हो गया। 62 बरस की उम्र में, साउथ पर्थ के एक अपार्टमेंट में उनका दिल थम गया, लेकिन उनके बल्ले की गूंज, उसके स्ट्रोक्स का जादू और तेज गेंदों के सामने उनके मुस्कुराते साहस की दास्तान, कभी नहीं थमेगी। रॉबिन स्मिथ वो नाम, जो 90 के दशक के क्रिकेट प्रेमियों के लिये सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि हिम्मत का पर्याय था। वो स्टील की तरह मजबूत खड़ा रहता था, बाउंसर गूंजते थे, हेलमेट पर चोट की आवाजें गूंजती थीं और स्मिथ बस मुस्कुरा देते थे। 62 टेस्ट और 71 वनडे खेलने वाले स्मिथ ने 1992 के विश्व कप में इंग्लैंड का सिर ऊंचा कर दिया। और कौन भूल सकता है वो जादुई पारी 163 गेंदों में 167 रन। दक्षिण अफ्रीका के डरबन में जन्मे स्मिथ हैम्पशायर के लिए 21 साल खेले, दो दशक, 18,984 फर्स्ट क्लास रन, जिसमें संघर्ष, अनुशासन और कला का अद्भुत संगम था। कई सीजन उन्होंने कप्तान के रूप में खेले और हर युवा खिलाड़ी के लिये प्रेरणा बने। उनकी मौत की खबर ने क्रिकेट दुनिया को झकझोर दिया। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने श्रद्धांजलि देते हुये कहा, “वह एक बहादुर और डैशिंग बल्लेबाज थे।”



छत्तीसगढ़: बीजापुर में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़, 7 माओवादी मारे गए

छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में सात माओवादी मारे गए। इस अभियान में दो सुरक्षाकर्मी भी शहीद हो गए, जबकि एक अन्य जवान घायल हो गया। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा पर माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिलों से जिला रिजर्व गार्ड, विशेष कार्य बल, कोबरा इकाई और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया था। इस अभियान के दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई। आज सुबह से ही सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी जारी रही।



बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि अब तक घटनास्थल से सात माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। राइफलें और अन्य विस्फोटक सामग्री भी मिली है।

मुठभेड़ में बीजापुर के जिला रिजर्व गार्ड के एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल शहीद हो गए। एक अन्य जवान घायल हो गया और उसका बीजापुर में प्राथमिक उपचार किया गया है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत खतरे से बाहर है। अतिरिक्त सुरक्षा बल इलाके में भेजे गए हैं और गहन तलाशी अभियान जारी है।

इंडोनेशिया की तीन दिन की यात्रा पर पहुंचा भारतीय तटरक्षक पोत-विग्रह

भारतीय तटरक्षक पोत-विग्रह आसियान देशों में तैनाती के हिस्‍से के रूप में इंडोनेशिया की तीन दिन की यात्रा पर है। यात्रा के दौरान भारतीय तटरक्षक और इंडोनेशिया की समुद्री सुरक्षा एजेंसी- बाकामला के कर्मी कई गतिविधियों में भाग लेंगे। इसमें संवाद, अभ्‍यास और संयुक्‍त सैन्‍य सत्र शामिल होंगे।



भारतीय तटरक्षक पोत के अनुसार इसका उद्देश्‍य एक्‍ट ईस्‍ट नीति, क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और वृद्धि-सागर तथा हिन्‍द-प्रशांत महासागर पहल के अनुरूप क्षेत्रीय भागीदारों के साथ समुद्री सहयोग बढ़ाना है। इंडोनेशिया की यात्रा के बाद भारतीय तटरक्षक पोत-विग्रह मलेशिया जाएगा।

वाराणसी: कालभैरव से विश्वनाथ तक… सीएम योगी और मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने टेका मत्था

वाराणसी: काशी के मंगलवार शाम नमोघाट पर आयोजित काशी तमिल संगमम के चौथे संस्करण के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ और केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने काशी के प्रमुख मंदिरों में दर्शन पूजन किया।

सबसे पहले पहुंचे बाबा कालभैरव मंदिर: दोनों नेता सबसे पहले काशी के कोतवाल कहे जाने वाले बाबा कालभैरव के मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा की और देश-प्रदेश में सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में मौजूद तीव्र आध्यात्मिक वातावरण को मंत्री प्रधान ने बेहद दिव्य और प्रेरणादायक बताया।




इसके बाद किया श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन: कालभैरव मंदिर के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। गर्भगृह में उन्होंने बाबा विश्वनाथ के ज्योर्तिलिंग का अभिषेक किया। इस दौरान दोनों ने देशवासियों के कल्याण और शांति की प्रार्थना की।

सोशल मीडिया पर साझा किए फोटो और अनुभव: दर्शन के बाद धर्मेन्द्र प्रधान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने लिखा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा और मंदिर परिसर की शांति मन को विशेष दृढ़ता और संतोष प्रदान करती है। साथ ही उन्होंने बाबा विश्वनाथ और बाबा कालभैरव से देश के मंगल की कामना की।

लखनऊ: नहीं किया यह काम तो रुक जायेगा राज्य कर्मियों का प्रमोशन

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अब सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमोशन पाने के लिए अपनी चल और अचल संपत्तियों का पूरा ब्योरा समय पर देना होगा। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने इस संबंध में सभी विभागों को निर्देश जारी किए हैं।

31 जनवरी 2026 तक देना होगा पूरा विवरण: सरकार ने बताया कि कर्मचारी 31 दिसंबर 2025 तक अर्जित की गई सभी संपत्तियों का ब्योरा 31 जनवरी 2026 तक मानव संपदा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से भरें। इसके लिए पोर्टल 1 जनवरी 2026 से सक्रिय किया जाएगा।



नहीं दिया ब्योरा तो नहीं होगी पदोन्नति: मुख्य सचिव ने कहा कि तय तिथि तक विवरण न देने वाले कर्मचारियों के नाम 1 फरवरी से शुरू होने वाले प्रमोशन प्रक्रिया में शामिल नहीं किए जाएंगे। इतना ही नहीं, सेवा नियमावली के अनुसार उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है।

8 लाख से अधिक कर्मचारियों पर प्रभाव: प्रदेश में आठ लाख से अधिक सरकारी कर्मचारी कार्यरत हैं। सरकार का कहना है कि बार-बार निर्देश देने के बावजूद कई कर्मचारी अपनी संपत्तियों की जानकारी पोर्टल पर अपडेट नहीं कर रहे हैं, इसलिए अब सख्त कदम उठाना जरूरी हो गया है।

जिन्हें छूट थी, उनके लिए सुविधा जारी: जिन कर्मचारियों को संपत्ति विवरण देने से छूट मिली हुई है, उन्हें अभी अगले आदेश तक पहले जैसी सुविधा मिलती रहेगी। राज्य सरकार का मानना है कि इससे कर्मचारियों की संपत्तियों का अद्यतित रिकॉर्ड बनेगा और सेवा नियमों में पारदर्शिता बढ़ेगी।

Breaking