Advertisement

Advertisement

Advertisement

सोमवार, 25 अगस्त 2025

कर्मचारियों की प्रोन्नति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग : झारखण्ड विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ

राँची। झारखण्ड विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ ने राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से तृतीय एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की प्रोन्नति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की है। महासंघ की ओर से रविवार को एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा गया कि सरकार की संस्तुति प्राप्त होने तथा नियमावली में स्पष्ट प्रावधान होने के बावजूद विश्वविद्यालयों द्वारा अब तक प्रोन्नति की प्रक्रिया प्रारम्भ नहीं की गई है।

महासंघ के अध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार राय, महामंत्री विश्वम्भर यादव, उपाध्यक्ष संतोष कुमार, संयुक्त सचिव वेद प्रकाश शुक्ला, कोल्हान विश्वविद्यालय अभिषद सदस्य प्रत्युष कुमार पानी, पूर्व संयुक्त सचिव एस.एन. पाण्डेय, कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रीय अध्यक्ष रमेशचंद्र ठाकुर, सचिव चन्दन कुमार, राँची विश्वविद्यालय के प्रक्षेत्रीय सचिव सुनील कुमार यादव, सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के सचिव नेतलाल मुर्मू, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि रविदास, जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के अध्यक्ष गंगाधर नाग, सचिव सीमा तिर्की एवं उपाध्यक्ष चैतन्य शिरोमणि ने संयुक्त बयान में कहा कि प्रोन्नति न होने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।

महासंघ ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में पदोन्नति प्रक्रिया लंबित रहने से न केवल कर्मचारियों का मनोबल गिरा है, बल्कि वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों में भी पारदर्शिता का अभाव दिखाई दे रहा है। महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि इस मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो कर्मचारियों का धैर्य टूट सकता है और स्थिति आक्रोश में बदल सकती है।

महासंघ ने कुलपतियों से आग्रह किया है कि लंबित प्रोन्नति मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किया जाए, ताकि कर्मचारियों को उनका हक मिल सके और कार्य वातावरण सकारात्मक बने।







0 Comments:

एक टिप्पणी भेजें