गुड़ाबांदा, पूर्वी सिंहभूम, रविवार: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम महतो ने रविवार को गुड़ाबांदा प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी रामदास मुर्मू के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
महतो ने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में आयोजित नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “झारखंड आंदोलन में सबका खून बहा है, हमारे परिवार के लोगों ने भी बलिदान दिया है। आज झारखंड में केवल दो परिवारों का शासन चल रहा है।” उन्होंने कहा कि “राजस्थान के लोगों को झारखंड में नौकरियां मिल रही हैं, यूपी-बिहार के लोगों को ठेकेदारी मिल रही है, जबकि झारखंड का युवा 10 हजार रुपये की नौकरी के लिए दूसरे राज्यों में भटक रहा है।”
जयराम महतो ने जोशिले अंदाज में कहा, “हम झाल बजाने के लिए झारखंड नहीं लिए हैं, झारखंडियों को उनका अधिकार देना होगा।” उन्होंने वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “प्राचीन काल में राजमाता अपने पुत्र को राजा घोषित करती थी और जनता ताली बजाती थी। अब वह दौर नहीं है, आज जनता को वोट देने का अधिकार है। इसलिए जनता को स्वच्छ और काम करने वाले युवा को चुनना चाहिए।”
महतो ने आगे कहा कि जब वे विधानसभा में सवाल उठाते हैं तो “दो-दो मंत्रियों को जवाब देने में पसीना आ जाता है। यह जनता की आवाज है, जिसे दबाया नहीं जा सकता।”
इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष रविंद्र नाथ महतो, निखिल महतो, तापस महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। जयराम महतो के संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह देखने को मिला।










0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें