पटना : PM नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त के तहत देशभर के 9.70 करोड़ किसानों के खातों में ₹20,500 करोड़ की सीधी सहायता राशि ट्रांसफर की। यह कार्यक्रम वाराणसी से आयोजित किया गया। इस मौके पर पूरे देश में ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ मनाया गया। बिहार में राज्यस्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजधानी पटना स्थित बापू सभागार में हुआ, जहां उप मुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे और किसानों को संबोधित करते हुए उन्हें योजना की अगली किस्त मिलने पर बधाई दी।
श्री चौहान ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि किसान मजबूत हो, तभी देश मजबूत होगा। बिना किसी भेदभाव और बिचौलियों के देश के 11 करोड़ किसानों को हर साल ₹6,000 की सीधी मदद मिल रही है।” उन्होंने सभी महिला किसानों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री भी शामिल हुए। इनमें रेणु देवी (पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री), डॉ. प्रेम कुमार (सहकारिता मंत्री), मंगल पांडेय (स्वास्थ्य मंत्री) और नितिन नवीन (पथ निर्माण मंत्री) शामिल रहे। इसके अलावा राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष रूप नारायण मेहता और कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार भी मंच पर मौजूद थे।
प्रधान सचिव पंकज कुमार ने कहा कि “यह योजना किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे बिचौलियों को हटाकर सीधी सहायता मिल रही है, जो सरकार की पारदर्शिता का उदाहरण है।”
उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि “कृषि के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव हो रहे हैं। यह सहायता किसानों के सम्मान का प्रतीक है। बिहार सरकार खेती को लाभदायक व्यवसाय बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।” उन्होंने बताया कि उर्वरकों की सुचारु आपूर्ति और कालाबाजारी पर सख्त नियंत्रण सुनिश्चित किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘वोकल फॉर लोकल’ का समर्थन करते हुए लोगों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत का रास्ता स्वदेशी उत्पादों से होकर गुजरता है। हमें इसे जन आंदोलन बनाना चाहिए।
कार्यक्रम में किसानों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया और सरकार की इस पहल की सराहना की।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें