चाईबासा :पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर का भाजपा पर हमला-कहा- घाटशिला उपचुनाव में पीठ पीछे वार करने वालों को जनता सबक सिखाएगी, बिहार चुनाव में झामुमो को सीट नहीं मिलने पर कहा-नहीं हुआ गठबंधन धर्म का पालन, उचित समय पर लिया जाएगा सटीक निर्णय
पूर्व मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि पीठ पीछे वार करने वाले लोगों का चरित्र पूरी झारखंड की जनता के सामने उजागर हो चुका है और घाटशिला विधानसभा क्षेत्र की जनता ऐसे लोगों को उपचुनाव में सबक सिखाएगी। चाईबासा में पत्रकारों से बात करते हुए मिथिलेश कुमार ठाकुर ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला किया। उन्होंने कहा कि चंपाई सोरेन को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जो सम्मान दिया वह उन्होंने सपनों में भी नहीं सोचा होगा, लेकिन उन्होंने झामुमो को तोड़कर भाजपा में विलय की बड़ी साजिश रची थी। श्री ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उन्हें टोप समझकर अपने साथ लाई थी लेकिन वह फेल हो गए। घाटशिला उपचुनाव में वहां की जनता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि स्वरूप झामुमो को देने का मन बना चुकी है। धन बल पर जन बल भारी पड़ेगा और विपक्ष के प्रत्याशी की जमानत जप्त हो जाएगी।
बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन में शामिल झारखंड मुक्ति मोर्चा को एक भी सीट नहीं मिली है। इस पर भविष्य की राजनीति और गठबंधन पर क्या असर पड़ेगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा क्या कदम उठाने वाली है। इस सवाल के जवाब में पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा नीति सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी है। झामुमो के नेतृत्व में लगातार दूसरी बार झारखंड में सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने हमेशा से गठबंधन धर्म का पालन किया है, लेकिन हमारे साथियों ने हमें मुगालते में रखकर जो आचरण किया है, उसकी समीक्षा हमारे केंद्रीय अध्यक्ष और पार्टी के लोग करेंगे। कोई ठोस परिणाम सामने आएगा। उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर हमारे साथ धोखा हुआ है। हमें आश्वासन देने के बाद भी हमारी दावेदारी का ध्यान नहीं रखा गया। ऐसे में उचित समय आने पर सटीक निर्णय लिया जाएगा