पटना : बिहार में सियासी बवाल तेज हो गया है। महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में पीएम नरेंद्र मोदी की स्वर्गवासी मां के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल होने के आरोप के बाद NDA ने कड़ा रुख अपनाया है। BJP ने गुरुवार, 4 सितंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिहार बंद का आह्वान किया है। बंद को NDA के सभी घटक दलों का समर्थन है, और इसे महिला मोर्चा के नेतृत्व में चलाया जाएगा। रेल सेवाओं और आपातकालीन सेवाओं को इससे छूट दी गई है।
वोटर अधिकार यात्रा के दौरान विवाद
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन ने चुनाव आयोग के मतदाता सूची पुनरीक्षण के खिलाफ वोटर अधिकार यात्रा निकाली थी, जो 1 सितंबर को पटना में समाप्त हुई। यात्रा के दौरान दरभंगा में एक स्थानीय आयोजन में कांग्रेस के झंडे में लिपटा एक व्यक्ति ने खुले मंच से पीएम मोदी की मां के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अन्य महागठबंधन नेता मंच पर मौजूद थे। वीडियो वायरल होने के बाद हंगामा मच गया। पुलिस ने आरोपी मुहम्मद रिजवी उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया है।
BJP का विरोध और बंद का ऐलान
BJP प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी के मंच से मां को अपशब्द देना लोकतंत्र पर कलंक है। “मां मां होती है, चाहे किसी की भी हो। मां भगवान का रूप है। किसी राजनीतिक मंच से मां को गालियां देना असहनीय है। पूरे बिहार को शर्मसार किया गया। राहुल और तेजस्वी को अभी तक अफसोस नहीं हुआ।” उन्होंने लोगों से बंद में सहयोग की अपील की और कहा कि यह शांतिपूर्ण लेकिन मजबूत विरोध होगा। पहली बार महिला मोर्चा बंद का संचालन करेगी, जिसमें NDA की सभी महिला इकाइयां शामिल होंगी।
उधर, पीएम मोदी ने जीविका दीदियों के कार्यक्रम में इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “मेरी मां का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था, फिर उन्हें क्यों अपमानित किया गया? विपक्ष ने मेरी मां को नहीं, बल्कि देश की करोड़ों मांओं को गाली दी है। उन्हें छठी मइया से माफी मांगनी चाहिए।” पीएम ने अपील की कि महागठबंधन के नेताओं का जहां भी दिखे, विरोध करें। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
NDA नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह अपमान न केवल एक मां का, बल्कि सभी महिलाओं का है। जेडीयू नेता उमेश कुशवाहा ने कहा, “ऐसी भाषा नैतिक और राजनीतिक रूप से गलत है। महागठबंधन के नेताओं ने माफी नहीं मांगी, जो उनकी अहंकार दिखाता है।” बंद के दौरान सड़कें और यातायात बाधित रखने की अपील की गई है। कांग्रेस ने इसे BJP का डायवर्जन बताया, लेकिन BJP ने माफी की मांग की है। यह घटना बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासत को और गरमा रही है।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें