झारखंड
गोड्डा : साहिबगंज के भोगनाडीह में हाल ही में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गोड्डा से दो संदेही लोगों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए लोगों में जमशेदपुर के सुधीर कुमार और ओडिशा के गणेश मंडल शामिल हैं। सुधीर कुमार मूल रूप से बिहार के सिवान का रहने वाला है। गोड्डा के एसपी मुकेश कुमार ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी खुद को राजनीतिक पार्टी से जुड़ा बताते हैं। सुधीर ने भोगनाडीह में बवाल मचाने की प्लानिंग की थी।
पुलिस को भनक लगी और उसके एक्टिव मोड में आते ही समय रहते बवाल को काबू में कर लिया गया। एसपी ने कहा कि भोगनाडीह में इस बवाल की शुरुआत होने वाली थी, लेकिन पुलिस ने इसे नाकाम कर दिया। दोनों संदिग्धों को साहिबगंज एसपी की सूचना पर गोड्डा के नगर इलाके से गिरफ्तार किया गया, जहां से उनके पास से तीन अवैध हथियार बरामद हुए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार सुधीर कुमार किसी बड़े नेता का सोशल मीडिया संभालता है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्यक्रम में बवाल कराने के मकसद से सुधीर और अन्य लोगों को साहिबगंज, पाकुड़, दुमका और अन्य दूरदराज के गांवों में साड़ी और पैसे बांटते देखा गया था। इस मामले में बरहेट थाना में मामला दर्ज किया गया है।
यहां याद दिला दें कि हूल दिवस के मौके पर भोगनाडीह में सोमवार को सिदो कान्हु पार्क में पूजा को लेकर शहीद के वंशजों और पुलिस के बीच झड़प हुई। इस झड़प में आदिवासियों ने तीर-धनुष से हमला किया, जिसके बाद पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठी चार्ज किया। इसके बाद इस मामले की जांच शुरू की गई थी।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें