झारखंड: चाईबासा जिले के जराइकेला थाना क्षेत्र के सारंडा जंगल में रविवार रात एक दर्दनाक घटना हुई। सीआरपीएफ 134 बटालियन के 59 वर्षीय जवान भुलन राम की अचानक हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। वह रात में नक्सल विरोधी अभियान में ड्यूटी पर तैनात थे।
अचानक बढ़ी तबीयत खराब, रास्ते में ही टूट गई सांस: जानकारी के मुताबिक ड्यूटी के दौरान भुलन राम की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें तेज उल्टियां होने लगीं। मौके पर मौजूद जवानों ने तुरंत उन्हें बिसरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
एसपी ने की घटना की पुष्टि: चाईबासा एसपी अमित रेणू ने कहा कि एक जवान की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। घटना उस समय हुई जब पूरे इलाके में माओवादियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया है।
बिहार का रहने वाला था जवान, साथी जवानों में शोक: मारे गए जवान भुलन राम बिहार के छपरा जिले के नयागांव थाना क्षेत्र के डुमरी गांव के निवासी थे। वह एसआई जीडी के पद पर कार्यरत थे। अचानक मौत की खबर से 134 बटालियन और उनके साथी जवानों में गहरा शोक है। अधिकारियों ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि विभागीय प्रक्रिया पूरी की जा रही है।







0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें