खरसावां-कुचाई में धनतेरस पर धनवर्षा हुई। लोगों ने जमकर खरीदारी की। रोशनी का पर्व दीपावली पर के पहले धनतेरस की खरीदारी जोरों पर रही। सुबह से ही बाजार सज गए थे। लोगों का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया। लोग शुभ मुहूत देखकर बाजार में खरीदारी कर रहे हैं। धनतेरस के दिन दोपहर बाद खरीदारी जोरों पर रही। महिलाओं ने सोने-चांदी की जमकर खरीदारी की। चांदी के सिक्कों की मांग अधिक रही। कुछ ने गाड़ी और इलेक्ट्रिक सामान खरीदा।
घरेलू सामान में बर्तन आदि खूब बिके। महंगाई को लेकर लोग परेशान रहे। इसके बावजूद लोगों में त्योहार को लेकर गजब का उत्साह था। आभूषण और बर्तन दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ रही। हर कोई धनतेरस के मौके पर कुछ न कुछ खरीद लेना चाहता था। कई घरों में नई गाड़ियां नजर आईं। इसके बाद लोगों ने दीपावली के दिन इस्तेमाल होने वाले सामान की खरीदारी की। लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की बिक्री भी खूब हुई। साप्ताहिक हाट में मिट्टी के दीए की दुकानें लगी थीं। इस बार दीपों की खरीदारी पिछली दीपावली के अनुपात में ज्यादा दिखी। बच्चों ने मिट्टी के खिलौनों की खरीदारी की। घरों में लोगों ने रोशनी करना शुरू कर दिया। परंपरा के अनुसार लोगों ने घर के बाहर दीप जलाए।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें