झारखंड में ठंड का प्रकोप लगातार जारी है और लोगों को फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बार-बार बदलाव हो रहा है। उत्तर-पश्चिमी दिशा से चल रही ठंडी हवाओं ने वातावरण में नमी बढ़ा दी है। वहीं पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर झारखंड तक पहुंच गया है, जिससे दिन के समय भी ठंड लोगों को परेशान कर रही है।
बीते 24 घंटों में गुमला राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दस वर्षों में सबसे कम है। इससे पहले शुक्रवार को 2.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था, लेकिन अब वह रिकॉर्ड भी टूट गया है।
रांची से सटे खूंटी जिले में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे यह दूसरा सबसे ठंडा जिला बन गया। राजधानी रांची में भी मंगलवार को इस सीजन की सबसे सर्द सुबह दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम है। रांची समेत झारखंड के पांच जिलों में तापमान 5 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर को भी ठंड से खास राहत नहीं मिलेगी। रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग और कोडरमा में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है।
हालांकि, नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी से तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के संकेत हैं। अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे ठंड में थोड़ी नरमी आने की उम्मीद है।










0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें