चांडिल : मनोज कुमार शर्मा की चर्चित किताब Me No Pause Me Play” (मी नो पॉज़ मी प्ले) पर आधारित फिल्म 28 नवंबर से पूरे देशभर के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर झारखंड में भी जोर-शोर से प्रचार अभियान शुरू हो चुका है।
झारखंड के जनसंपर्क अधिकारी ऋषित भागीरथी एवं प्रिया प्रधान ने मंगलवार को चांडिल के एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस अनोखी और संवेदनशील कहानी को बड़े पर्दे पर बेहद सम्मानजनक और भावनात्मक अंदाज़ में निर्देशक समर के. मुखर्जी ने प्रस्तुत किया है। फिल्म का टाइटल ट्रैक और गाना “फ़िक्रों” इसकी भावनात्मक गहराई और विषय की गंभीरता को बखूबी दर्शाता है। स्क्रीनप्ले व संवाद शकील कुरैशी और मनोज कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से लिखे हैं। मेनोपॉज़ जैसे बेहद संवेदनशील विषय पर बनी यह फिल्म भारतीय सिनेमा में एक नई दिशा।
गाना “फ़िक्रों” को मशहूर गायिका उषा उत्थुप और प्रभजीत कौर ने अपनी दमदार आवाज़ में गाया है। उषा जी की भारी और प्रभावशाली आवाज़ के साथ युवा ऊर्जा का मेल इस गीत को खास बनाता है। संगीत शिवांग माथुर और अमृतांशु दत्ता ने तैयार किया है, जबकि गीत के बोल शायरा अपूर्वा ने लिखे हैं, जो बेहद सरल और असरदार हैं।
फिल्म में बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री काम्या पंजाबी, दीपशिखा नागपाल और लेखक-एक्टर मनोज कुमार शर्मा मुख्य किरदारों में नज़र आएंगे। इनके साथ अमन वर्मा और करण सिंह छाबड़ा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। वहीं, सुधा चंद्रन की विशेष उपस्थिति फिल्म और गाने दोनों को और अधिक प्रभावी बनाती है।
झारखंड के जमशेदपुर, रांची और बोकारो के सिनेमाघरों में भी यह फिल्म 28 नवंबर 2025 को रिलीज होगी।
प्रचार अभियान में हिंदी सिने जगत के अंतर्राष्ट्रीय ज्यूरी अवार्ड प्राप्त निर्माता सुधीर गोराई, राढ़ बंगला सिनेमा की लोकप्रिय अदाकारा मोनिका सिंह, अभिनेत्री सुस्मिता सरकार, और भोजपुरी फिल्म जगत की प्रसिद्ध निर्देशक दीना पांडा सक्रिय रूप से शामिल हैं।
उम्मीद की जा रही है कि फिल्म का गीत “फ़िक्रों” दर्शकों से मजबूत जुड़ाव बनाएगा और फिल्म की उत्सुकता को और बढ़ाएगा।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें