उत्तराखंड में मानसून का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य में अब भी आपदा जैसे हालात बने हुए हैं। जनपद उत्तरकाशी में गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) लगातार भूस्खलन के चलते बंद पड़े हैं।
गंगोत्री हाईवे 15 घंटे से बंद: धरासू नालूपानी के पास गंगोत्री हाईवे पर बड़े-बड़े बोल्डर गिरने से मार्ग पिछले 15 घंटे से अवरुद्ध है। इसके अलावा हेल्गुगाड़ और थिराग के पास भी हाईवे पिछले तीन दिनों से बंद है। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
यमुनोत्री मार्ग 17 दिन से बाधित : यमुनोत्री NH-134 पर सिलाई बैण्ड, बनास और जंगलचट्टी में पिछले 17 दिनों से यातायात पूरी तरह बंद है। इसके चलते 12 गांवों का संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी कठिनाई झेलनी पड़ रही है।
संचार और इंटरनेट सेवा ठप: लगातार भूस्खलन से सड़कों के साथ-साथ संचार सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। सोमवार शाम से जिले में नेटवर्क और इंटरनेट सेवा बाधित है।
मौसम विभाग का अलर्ट: मौसम विभाग ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और चम्पावत जिलों में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं चमोली जिले में अब भी 36 मोटर मार्ग बाधित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें सबसे बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। PWD और PMGSY की टीमें सड़कों को खोलने में जुटी हुई हैं।
रुद्रप्रयाग में पहाड़ दरकने का खतरा: रुद्रप्रयाग जिले के बसुकेदार क्षेत्र में आपदा राहत कार्य जारी है। इसी बीच तालजामन गांव के पास पहाड़ी दरकने की भयावह तस्वीरें सामने आईं। करीब एक मिनट तक पहाड़ से बड़े-बड़े बोल्डर लुढ़कते रहे और धूल का गुबार फैल गया। हालांकि, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें