Advertisement

Advertisement

Advertisement

रविवार, 4 जनवरी 2026

राँची: झारखंड में कड़ाके के ठंड की वापसी, 15 जिलों में कोहरे का अलर्ट

राँची : झारखंड के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव आने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ और हिमालय में हुई ताजा बर्फबारी के कारण पूरे राज्य में ठंड बढ़ जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, आज से न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। अगले एक सप्ताह तक सर्द हवाएं चलेंगी और लोगों को कंपकंपी छूटेगी।

पश्चिमी विक्षोभ का असर: उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अब झारखंड तक पहुंच गया है। हिमालय पर बर्फबारी के बाद ठंडी और शुष्क हवाएं राज्य की ओर आ रही हैं। इससे रात और सुबह के समय ठंड बहुत ज्यादा महसूस होगी। दिन में धूप निकलेगी, लेकिन सुबह और देर रात कनकनी बनी रहेगी।



15 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट: मौसम विभाग ने आज और कल के लिए 15 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, लातेहार, लोहरदगा और गुमला शामिल हैं। सुबह के समय दृश्यता बहुत कम रहेगी, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ सकता है।

तापमान में आई गिरावट: बीते 24 घंटों में कांके में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री, मैकलुस्कीगंज में 6.5 डिग्री और गुमला में 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। रांची में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री और अधिकतम 22.8 डिग्री रहा। अगले 24-48 घंटों में तापमान और नीचे जा सकता है।

उड़ानें और ट्रेनें हुईं देर से: शनिवार रात घने कुहासे के कारण कोलकाता, पुणे, दिल्ली और हैदराबाद से आने वाली कई उड़ानें 1-2 घंटे देरी से रांची पहुंचीं। लंबी दूरी की कई ट्रेनें भी घंटों लेट रहीं। मौसम विभाग ने यात्रियों को सुबह यात्रा करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।

अगले सप्ताह तक रहेगी ठंड: मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक सुबह और रात में ठंड का असर बना रहेगा। ग्रामीण और खुले इलाकों में शीतलहर जैसा मौसम लगेगा। लोगों से अपील है कि गर्म कपड़े पहनें और सुबह जल्दी यात्रा करने से बचें।

0 Comments:

एक टिप्पणी भेजें

Breaking