राँची : नववर्ष के अवसर पर CM हेमंत सोरेन ने रांची शहर का भ्रमण किया और सबसे पहले धुर्वा डैम पहुंचे। ठंडी हवा, हरियाली की चादर और पानी पर पड़ती धूप की चमक के बीच मुख्यमंत्री ने रांची के प्राकृतिक सौंदर्य का चाय की चुस्की के साथ आनंद भी लिया। मुख्यमंत्री ने धुर्वा डैम और आसपास के पिकनिक स्पॉट्स का निरीक्षण करते हुये भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटन विकास की संभावनाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिये कि धुर्वा डैम क्षेत्र को व्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिये ठोस कार्ययोजना तैयार की जाये।
CM हेमंत सोरेन का मानना है कि इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। वहीं, रांची के पर्यटन नक्शे पर यह इलाका नई पहचान पायेगा। भ्रमण के दौरान CM ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से मुलाकात की। लोगों की बातें सुनीं, सुझाव लिये और भरोसा दिलाया कि सरकार जनसहभागिता के साथ विकास को आगे बढ़ायेगी। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि धुर्वा डैम केवल रांची का अहम जल स्रोत नहीं है, यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। सरकार इन्हें चरणबद्ध तरीके से विकसित करेगी। इसके बाद CM धुर्वा स्थित झारखंड ज्यूडिशियल अकादमी पहुंचे। यहां उन्होंने अधोसंरचना, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार, कई आला प्रशासनिक अधिकारी एवं रांची जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे।







0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें