Advertisement

Advertisement

Advertisement

बुधवार, 24 दिसंबर 2025

जमशेदपुर: नेताजी सुभाष ग्रुप के स्कूलों का वार्षिक खेल मीट भव्य रूप से संपन्न

जमशेदपुर शहर में शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहे नेताजी सुभाष ग्रुप द्वारा संचालित नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल एवं मदन मोहन पब्लिक स्कूल का संयुक्त वार्षिक खेल मीट बुधवार को टेल्को स्थित सुमंत मुलगावकर स्टेडियम में भव्य रूप से आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पियूष पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र एवं मोमेंटो भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

खेल मीट के दौरान स्कूली बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अनुशासित मार्च पास्ट के माध्यम से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़-चढ़कर भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस मौके पर एसएसपी पियूष पांडे ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद का भी विशेष महत्व है। खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। उन्होंने नेताजी सुभाष ग्रुप द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

वहीं ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने कहा कि नेताजी सुभाष ग्रुप बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद को बढ़ावा देना संस्थान की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि ग्रुप द्वारा शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगभग एक दर्जन स्कूलों का संचालन किया जा रहा है, जहां करीब 9 हजार छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ऐसे शैक्षणिक और खेल आयोजनों को आगे भी जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

0 Comments:

एक टिप्पणी भेजें

Breaking