राँची: झारखंड में अभी भी भीषण ठंड का कहर जारी है। सुबह के समय कनकनी और ठिठुरन बनी हुई है, जबकि हल्का कोहरा भी छाया रहता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों तक शीतलहर का असर रहेगा, लेकिन इसके बाद ठंड में कमी आने की उम्मीद है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। गुमला सबसे ठंडा जिला रहा, जहां तापमान गिरकर 1.8 डिग्री तक पहुंच गया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच रहा, जहां पिछले दिन की तुलना में करीब 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, लेकिन ठंड का असर अब भी तेज है। ठंडी पछुआ हवाएं 4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं, जिससे ठंड और ज्यादा महसूस हो रही है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अभी दिख रहा है। अगले एक-दो दिनों में तापमान में 3 डिग्री तक और गिरावट आ सकती है। लेकिन दो दिनों के बाद पछुआ हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। खासकर संताल परगना और आसपास के इलाकों में ठंड की तीव्रता कम होने की संभावना है।
राज्य के 13 जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, रांची, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिम सिंहभूम शामिल हैं। फिलहाल पूरी राहत नहीं मिली है, लेकिन मौसम विभाग के अनुमान से उम्मीद जगी है कि दो दिन बाद झारखंडवासियों को इस भीषण सर्दी से कुछ सुकून मिलेगा। लोगों को सलाह दी जा रही है कि ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और जरूरी सावधानियां बरतें।







0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें