Advertisement

Advertisement

Advertisement

मंगलवार, 30 दिसंबर 2025

झारखंड: ठंड से जूझता झारखंड, इस इलाके का पारा 1 डिग्री से नीचे

झारखंड में सर्दी ने लोगों को कंबल ओढ़ने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के ज्यादातर जिलों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ रहने की उम्मीद है। यह स्थिति 2 जनवरी तक जारी रह सकती है। उत्तरी झारखंड के कुछ इलाकों में घना कोहरा पड़ने से सड़क और रेल यात्रा प्रभावित हो सकती है। वाहन चालकों को सुबह के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के करीब और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।



पलामू, लातेहार जैसे उत्तरी और पश्चिमी जिलों में शीतलहर का असर बना हुआ है। सोमवार सुबह उत्तरी हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा, जबकि रांची में ठंड बढ़ने से कनकनी महसूस की गई। मैक्लुस्कीगंज में न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री तक गिर गया, वहीं कांके में 5.2 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरे ने हवाई यात्रा को भी प्रभावित किया। रांची एयरपोर्ट से चार उड़ानें रद्द हुईं, जबकि कई फ्लाइट्स एक से दो घंटे देरी से चलीं। इंडिगो की कोलकाता-रांची और दिल्ली-रांची फ्लाइट्स मुख्य रूप से प्रभावित रहीं।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे पारा 10 डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा। नए साल के जश्न में लोगों को कुछ राहत मिलेगी, क्योंकि पांच दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि, लातेहार, गुमला और लोहरदगा में शीतलहर बनी रह सकती है। जमशेदपुर में तापमान 14 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जबकि 4 जनवरी से फिर ठंड बढ़ सकती है।

0 Comments:

एक टिप्पणी भेजें

Breaking