Advertisement

Advertisement

Advertisement

मंगलवार, 30 दिसंबर 2025

पटना: नए साल पर पटना जू में एंट्री तीन गुना महंगी, कई सुविधाएं भी बंद

पटना : नए साल के मौके पर पटना जू में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए जू प्रशासन ने खास तैयारियां की हैं। 1 जनवरी को वयस्कों के लिए टिकट 50 रुपये की बजाय 150 रुपये और 5 से 12 साल के बच्चों के लिए 20 रुपये की बजाय 60 रुपये कर दी गई है। हालांकि दिव्यांग लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह मुफ्त रहेगा। भीड़ को संभालने के लिए दोनों गेट पर 10 अतिरिक्त टिकट काउंटर लगाए जाएंगे।



लगाए गए 25 से ज्यादा हीटर : ठंड बढ़ने के कारण जानवरों की देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शीतलहर से बचाने के लिए 25 से ज्यादा हीटर लगाए गए हैं। शेर और बाघ के नाइट हाउस में लकड़ी के प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं ताकि वे ठंडे फर्श पर न बैठें। सांपों के केज में कंबल और हाई वोल्टेज बल्ब लगाए गए हैं। जानवरों के खान-पान में भी बदलाव किया गया है। बाघों को रोजाना करीब 70 किलो मांस दिया जा रहा है, जबकि सामान्य दिनों में यह 50 किलो होता है। हाथियों को सरसों के तेल से मालिश दी जा रही है और उन्हें गन्ना, फल व उबला धान खिलाया जा रहा है। चिंपांजी को च्यवनप्राश, शहद, गुड़ की खीर और फल दिए जा रहे हैं। भालू के आहार में शहद, अंडा और गन्ना शामिल है। बंदर, लंगूर और गिब्बन को कंबल दिए गए हैं। पक्षियों को मूंगफली, चना, लहसुन और गाजर खिलाई जा रही हैं।

कुछ सुविधाएं रहेंगी बंद : जानवरों के पीने और नहाने के लिए हल्का गर्म पानी दिया जा रहा है। नाइट हाउस की खिड़कियों को पुआल और बांस से ढका गया है और सभी जानवरों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। नए साल के दिन कुछ सुविधाएं बंद रहेंगी। मॉर्निंग वॉक, बोटिंग, बैटरी गाड़ी, मछली घर, निशाचर घर और 3D थिएटर 1 जनवरी को बंद रहेंगे। जू सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक खुला रहेगा और पास से प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, टिकट दिखाना अनिवार्य है।

0 Comments:

एक टिप्पणी भेजें

Breaking