कोडरमा: एक मोबाइल फोन, कुछ व्हाट्सएप मैसेज और एक किशोरी की टूटी हुई दुनिया। झुमरीतिलैया के गांधी स्कूल रोड के एक घर में बीते कल एक नाबालिग लड़की की बॉडी फंदे पर लटकती हालत में मिली। नेहा कुमारी, उम्र सिर्फ 17 साल। कक्षा 12 की छात्रा। जब उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। लेकिन कहानी तब सामने आई, जब परिजनों ने उसका मोबाइल फोन खोला। स्क्रीन पर व्हाट्सएप चैट थी। सामने नाम था अंकित यादव, जयनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला युवक। मैसेज में वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी थी। डराने वाले शब्द थे। फंसाने की बात थी। यह वही पल था, जब परिवार को समझ में आया कि नेहा शायद अंदर ही अंदर किस डर से जूझ रही थी।
घर से बाहर गए थे परिजन, कमरे में अकेली रह गई नेहा
मृतका के मामा लक्ष्मण यादव बताते हैं कि रविवार दोपहर वह और नेहा की मां गुड़िया देवी किसी काम से बाहर गए थे। नेहा घर में अकेली थी। रात को जब दोनों लौटे, तो अंदर का कमरा बंद था। दरवाजा खोला गया तो नेहा कुर्सी के सहारे साड़ी से बने फंदे पर छत में लगे हुक से लटकी हुई मिली। परिजनों ने उसे तुरंत नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
गांव की पढ़ाई, शहर के सपने और अधूरी सुरक्षा
नेहा का पैतृक गांव जयनगर प्रखंड का चंद्रपुर है। उसने 10वीं तक की पढ़ाई पास के सतडीहा गांव से की थी। वहीं किसी समय उसकी दोस्ती अंकित से हुई होगी, ऐसा परिजनों को शक है। बाद में वह झुमरीतिलैया में रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही थी।
पिता परिवार के साथ नहीं रहते थे। मां और मामा ही उसकी दुनिया थे। पढ़ाई पूरी कर कुछ बनने का सपना था, लेकिन एक डर ने सब कुछ तोड़ दिया।
खामोश रहती थी नेहा, दर्द किसी से नहीं कहा
परिजन बताते हैं कि नेहा हाल के दिनों में कम बोलने लगी थी। मोबाइल पर ज्यादा समय बिताती थी, लेकिन कभी किसी से कोई शिकायत नहीं की। शायद उसे डर था। शायद बदनामी का। शायद किसी वीडियो के नाम पर दी जा रही धमकी का।
पुलिस जांच में जुटी, मोबाइल बना अहम कड़ी
घटना की सूचना मिलते ही तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया। पुलिस ने नेहा का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और चैट में सामने आए तथ्यों को गंभीरता से खंगाल रही है।










0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें