राँची: सीएम हेमंत सोरेन ने नये साल 2026 के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। गुरुवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश के जरिए नए साल को झारखंड के भविष्य से जोड़ा। सीएम ने अपने संदेश में लिखा कि नव वर्ष 2026 केवल एक नए कैलेंडर वर्ष की शुरुआत नहीं है, बल्कि यह वीर पुरखों के सपनों के सोना झारखंड के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नया साल हमें नए संकल्प और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का अवसर देता है।
2025 में खोए महान व्यक्तित्वों को किया याद
सीएम हेमंत सोरेन ने साल 2025 को याद करते हुए कहा कि इस दौरान झारखंड राज्य निर्माता दिशाेम गुरुजी शिबू सोरेन और महान आंदोलनकारी रामदास सोरेन सशरीर इस दुनिया से विदा हो गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज वे प्रकृति की गोद से झारखंडवासियों को आशीर्वाद दे रहे हैं।
संघर्ष और संकल्प की यात्रा का जिक्र
सीएम ने कहा कि झारखंड ने बीते वर्षों में संघर्ष, संकल्प और संभावनाओं की लंबी यात्रा तय की है। इस यात्रा में राज्य के नागरिकों, खासकर आदिवासी, मूलवासी, किसान, श्रमिक, महिलाएं और युवा वर्ग की भूमिका बेहद अहम रही है।
सामाजिक न्याय और विकास की दिशा में कदम
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सामाजिक न्याय, जनकल्याण और समावेशी विकास की दिशा में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। अब युवा झारखंड का लक्ष्य पहले से ज्यादा स्पष्ट है, वर्ष 2050 तक एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और सतत झारखंड का निर्माण।
अबुआ सरकार की प्राथमिकताएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि अबुआ सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, नौकरी, रोजगार, स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को केंद्र में रखकर नीतियां और योजनाएं आगे बढ़ा रही है। साथ ही स्थानीय समुदायों के अधिकार और सम्मान को भी सरकार की प्राथमिकता बताया।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे विकास
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड रूपी विशाल वृक्ष की जड़ों को मजबूत करना सरकार का लक्ष्य है, ताकि विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। यही सरकार की प्रतिबद्धता है।
2050 तक अग्रणी राज्यों में शामिल होने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले 25 वर्षों के लिए एक साझा विजन के साथ युवा झारखंड आगे बढ़े और वर्ष 2050 तक झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो, यही उनका लक्ष्य है। अंत में मुख्यमंत्री ने कामना की कि नव वर्ष 2026 सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए।












0 Comments:
एक टिप्पणी भेजें